असम, केरल और पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव: 1 बजे तक असम में 60% मतदान,पुदुचेरी में 56.83 प्रतिशत और केरल में 49.70 प्रतिशत वोटिंग

असम/केरल/पुदुचेरी। आज असम, केरल और पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक के आंकड़ों के अनुसार असम में 59.63 प्रतिशत, पुदुचेरी में 56.83 प्रतिशत और केरल में 49.70 प्रतिशत मत डाल चुके हैं। असम की 126, केरल की 140 और पुदुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर जनता अपने भविष्य का फैसला कर रही है।

प्रसिद्ध गायक पापोन ने डाला वोट
असम में मतदान के दौरान कई लोकप्रिय हस्तियों ने भी मताधिकार का प्रयोग किया। गुवाहाटी में प्रसिद्ध गायक पापोन ने अपना वोट डालते हुए युवाओं से मतदान करने की अपील की और कहा कि मौसम और व्यवस्थाएं शानदार हैं, हर वोट कीमती है। वहीं, आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग ने गुवाहाटी के खारगुली में लाल सिंह अकादमी पोलिंग स्टेशन पर वोट डालकर अपनी जिम्मेदारी निभाई।

सीएम की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा ने किया मतदान
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपनी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा और बच्चों के साथ कामपुर के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। मुख्यमंत्री की पत्नी ने जीत पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि 100 प्रतिशत जीत तय है।

केरल में तिरुवनंतपुरम से अपना मत देने के बाद सीपीआई के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने एलडीएफ की बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्यभर से खबरें आ रही हैं कि मतदाता एलडीएफ को वोट देने के लिए उमड़ रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और गरीबों के हित के लिए एलडीएफ को वोट दें।

चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी की मौत

इस बीच असम में सोनितपुर जिले के नदुआ निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी ड्यूटी पर तैनात एक अधिकारी देबेन होरो का निधन हो गया। 45 वर्षीय देबेन होरो डोलापानी एलपी स्कूल के मतदान केंद्र संख्या 230 पर दूसरे मतदान अधिकारी के रूप में तैनात थे। उन्हें सुबह अपने बिस्तर पर बेहोश पाया गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मौत का कारण किसी पुरानी बीमारी से जुड़ा हो सकता है। प्रशासन ने उनकी जगह तुरंत एक आरक्षित कर्मचारी तैनात कर दिया और मतदान बिना किसी रुकावट के जारी रहा।

असम में मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com