निजी रिसॉर्ट में सजी अटल जयंती की महफिल, सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान

औरंगाबाद: शहर के एक निजी रिशोर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई गई. इस अवसर पर कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा और सहयोगी दलों के नेता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व, कृतित्व और आदर्शों को स्मरण करते हुए कार्यकर्ताओं का सम्मान करना था. कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य दिलीप कुमार सिंह, औरंगाबाद सदर से भाजपा विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण उर्फ सोनू सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता भी उपस्थित थे.

सर्वप्रथम अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. इसके बाद कार्यकर्ताओं को शाल, गमछा और फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, उनके राजनीतिक संघर्ष, राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला.

सभी नेताओं ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का नेतृत्व दूरदर्शिता, संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक था. अटल जी न केवल एक महान राजनेता थे, बल्कि वे एक संवेदनशील कवि, कुशल वक्ता और सर्वमान्य नेता भी थे, जिन्होंने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी. उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और संतुलित विदेश नीति के जरिए भारत को नई पहचान दी. पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे.

जिनका सम्मान सभी दलों में समान रूप से किया जाता था. उन्होंने राजनीति में मर्यादा, संवाद और सहमति की जो परंपरा स्थापित की, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अटल जी के आदर्शों को अपने जीवन और राजनीति में अपनाने का आह्वान किया. सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि अटल जी का नेतृत्व, राष्ट्रहित में लिए गए निर्णय और उनकी विचारधारा आज भी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देती है.

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से अटल बिहारी वाजपेयी के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. सम्मान समारोह के बाद आयोजित भोज में कार्यकर्ताओं ने आपसी संवाद और सौहार्द के साथ सहभागिता निभाई. लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण उर्फ सोनू सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी पक्ष के साथ-साथ विपक्ष की बात भी उतनी ही गंभीरता से सुनते और रखते थे.

उनके द्वारा तय किए गए राजनीतिक मानकों पर चलने का प्रयास करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी. इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह चंद्रवंशी, जेडीयू जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबलभ सिंह उर्फ बबुआ जी, जिलाध्यक्ष पूजा सिंह, महिला मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष अनीता सिंह, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह, भाजपा युवा नेता दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com