बरेली: 74 ग्राम अवैध स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने सैटेलाइट बस अड्डे के पास दबोचा

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बारादरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है.
पुलिस टीम ने सैटेलाइट बस अड्डे के समीप घेराबंदी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से अवैध स्मैक बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात बारादरी थाने के दरोगा विनय बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर थे. टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए एक सटीक सूचना प्राप्त हुई कि सैटेलाइट बस अड्डे के पास स्थित सीएनजी पंप और ‘होटल द आर्च इन’ के निकट एक खाली मैदान में एक व्यक्ति नशीले पदार्थ की बड़ी खेप के साथ खड़ा है और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है.
घेराबंदी और गिरफ्तारी
पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रणनीतिक घेराबंदी की और बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब पुलिस ने उसकी जामा तलाशी ली, तो उसकी जेब से 75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई. बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक बताई जा रही है.
तस्कर की पहचान और कानूनी कार्रवाई
थाने लाकर की गई कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अवधेश कुमार पुत्र रामपाल सिंह के रूप में बताई. वह बरेली के ही बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर अय्यापुर का निवासी है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह स्मैक कहाँ से लाया था और इसे शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था। फिलहाल आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.











