Orange Cap, Purple Cap Holder in IPL 2026: डेढ़ घंटे के अंदर हेनरिक क्लासन ने अपने नाम की ऑरेंज कैप


Orange Cap and Purple Cap Holder List in IPL 2026: इसकी टोपी, उसके सिर. आईपीएल 2026 में अभी यही चल रहा है. बस रेस लगी है और उस रेस में हेनरिक क्लासन ने जो किया है वो कमाल है. उन्होंने जो कर दिखाया है वो बेमिसाल है. क्लासन ने उस ऑरेंज कैप को बस डेढ़ घंटे के अंदर अपने नाम कर लिया है, जिस पर अब तक सिर्फ किसी ना किसी टीम के ओपनर्स का ही दबदबा दिख रहा था. मगर हेनरिक क्लासन ठहरे मिडिल ऑर्डर बैट्समैन, जिन्होंने खूब बताया कि वो भी कुछ कम नहीं. ऑरेज कैप की रेस में वो अब नए नंबर वन हैं.
डेढ़ घंटे के अंदर क्लासन ने जीती ऑरैंज कैप
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में शुरुआती डेढ़ घंटे के अंदर ही ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली. 6 मई की शाम साढ़े 7 बजे मैच की पहली गेंद फेंकी गई, ऑरेंज कैप दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज केएल राहुल के सिर पर थी. अगले आधे घंटे के अंदर ही सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए मिलने वाली ऑरेंज कैप के मालिक एक बार फिर से अभिषेक शर्मा बन गए. लेकिन, 8 बजकर 54 मिनट तक उस ऑरेंज कैप को हेनरिक क्लासन अपने नाम कर चुके थे.
SRH vs PBKS मैच के दौरान कैसे ऑरेंज कैप गई इधर से उधर?
6 मई को SRH vs PBKS का मुकाबला जब शुरू हुआ तो 445 रन के साथ दिल्ली के केएल राहुल उसके हकदार पहले से थे. लेकिन, 8 बजे तक केएल राहुल से 30 रन आगे निकलते हुए SRH के अभिषेक शर्मा ने वो ऑरेंज कैप अपने सिर पर सजा ली. अभिषेक शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में 13 गेंदों पर 35 रन बनाए, जिसका उन्हें फायदा मिला.
अगले एक घंटे के अंदर टोपी ने फिर से अपना दावेदार बदला और अभिषेक के सिर से हेनरिक क्लासन के सिर पर चली गई, जो पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में 43 गेंदों पर 69 रन की पारी खेलते हुए IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. हेनरिक क्लासन 494 रन के साथ ऑरेंज कैप के नए मालिक बने हैं.
पर्पल कैप की रेस में ज्यादा उथल-पुथल नहीं
पर्पल कैप की रेस में इतनी उथल पुथल नहीं मची है, जितनी ऑरेंज कैप में देखने को मिली. पर्पल कैप पर SRH vs PBKS मुकाबले का कोई असर नहीं पड़ा. वो अभी भी पहले की ही तरह भुवनेश्वर कुमार के सिर पर ही सजी है, जिन्होंने अब तक खेले 10 मुकाबलों में 17 विकेट चटकाए हैं.











