नववर्ष से पहले रायबरेली में हाई अलर्ट: रेलवे स्टेशन के होटलों, मुख्य चौराहों तक पुलिस की कड़ी चेकिंग

रायबरेली: नववर्ष के मद्देनजर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज शाम पुलिस द्वारा शहर में चेकिंग अभियान चलाया गया. सीओ सिटी अरुण कुमार नौहवार के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने पुलिस टीम के साथ शहर के रेलवे स्टेशन, मुख्य चौराहों, होटलों, ढाबों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग की. अभियान का मुख्य उद्देश्य नववर्ष के जश्न के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा.
पुलिस टीम ने सबसे पहले रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां गहनता से जांच की. यात्रियों से पूछताछ की गई और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई. पुलिस ने यात्रियों से उनके गंतव्य और पहचान संबंधी जानकारी भी ली, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके. इसके साथ ही पुलिस टीम ने शहर के कई होटलों और गेस्ट हाउसों पर भी छापा मारा.
होटलों में ठहरे लोगों के रजिस्टर जांचे गए और उनकी पहचान का सत्यापन किया गया. होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहराने की अनुमति न दी जाए. पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि होटल प्रबंधन नियमों का पालन कर रहा है या नहीं.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नववर्ष के अवसर पर बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी हो जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए यह चेकिंग अभियान चलाया गया. राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई.
इस मौके पर सीओ सिटी अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि नव वर्ष को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे. साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके.









