कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई: सोनभद्र पुलिस ने कुर्क की 28.50 करोड़ की संपत्ति,मर्सिडीज कार से लेकर करोड़ों के बंगले तक जब्त

सोनभद्र : उत्तर प्रदेश की सोनभद्र पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध व्यापार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के मुख्य आरोपी भोला प्रसाद पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने वाराणसी में उसकी लगभग 28.50 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर गठित एसआईटी (SIT) की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है.
संगठित सिंडिकेट के जरिए बनाई अकूत संपत्ति
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि मुख्य अभियुक्त भोला प्रसाद, जो वाराणसी का निवासी है, एक संगठित सिंडिकेट चलाकर अवैध कफ सिरप की तस्करी करता था.एसआईटी जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने तस्करी के इस काले कारोबार से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की थी.साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की की रिपोर्ट न्यायालय भेजी थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने बृहस्पतिवार को आदेश जारी कर दिए.
मर्सिडीज कार से लेकर करोड़ों के बंगले तक जब्त
क्षेत्राधिकारी रणधीर कुमार मिश्रा के नेतृत्व में वाराणसी पहुंची पुलिस टीम ने शुक्रवार को जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू की.कुर्क की गई संपत्तियों का विवरण निम्नलिखित है.इंडियन बैंक की वाराणसी शाखा में जमा 1.13 करोड़ रुपये की दो एफडी (FD) और दो अन्य खातों में मौजूद करीब 6.89 लाख रुपये फ्रीज किए गए. लग्जरी वाहन: आरोपी के बेड़े से 1.22 करोड़ रुपये मूल्य की एक ‘मर्सिडीज बेंज’ कार जब्त की गई.
वाराणसी में आरोपी की पत्नी शारदा जायसवाल के नाम पर दर्ज 23 करोड़ रुपये का भेलूपुर स्थित एक विशाल भवन कुर्क किया गया.इसके अलावा, फरवरी 2023 में खरीदे गए दो अन्य मकान (कीमत 3.03 करोड़ रुपये) भी कुर्की की जद में आए हैं.
गौरतलब है कि भोला प्रसाद को सोनभद्र पुलिस ने कोलकाता पुलिस की मदद से दमदम एयरपोर्ट से उस वक्त गिरफ्तार किया था, जब वह देश छोड़कर विदेश भागने की फिराक में था.पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की कमर तोड़ी जा सके.











