सहारनपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 लेखपाल और संग्रह अमीन निलंबित

सहारनपुर: अवैध खनन और उप खनिज के अवैध परिवहन में मदद करने के मामले में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच के बाद तीन लेखपाल और एक नियमित संग्रह अमीन को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो सीजनल संग्रह अमीनों को ब्लैकलिस्ट कर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं.

जिलाधिकारी ने बताया कि बेहट तहसील स्थित कलसिया चेक पोस्ट पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कराई गई थी. नायब तहसीलदार फैजाबाद और नायब तहसीलदार मुजफ्फराबाद द्वारा की गई जांच के बाद रिपोर्ट प्राप्त हुई. जांच में सामने आया कि 27 जनवरी की रात संतोष मिश्रा (लेखपाल), योगेश कुमार (प्रथम संग्रह अमीन) और कांस्टेबल संदीप ने 211 वाहनों को बिना चेकिंग के निकलने दिया.

वहीं 28 जनवरी की रात नीरज जॉनी (लेखपाल), श्रवण कुमार (प्रथम संग्रह अमीन), कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल विनोद द्वारा वाहनों को बिना जांच के पार कराया गया. इसके अलावा 29 जनवरी की रात प्रदीप कुमार (तृतीय लेखपाल), अरशद (संग्रह अमीन), कांस्टेबल रोहित और लीलाधर द्वारा उप खनिज से लदे 285 वाहनों को बिना चेकिंग के निकलवाया गया.

जांच में दोषी पाए गए तीन लेखपाल और एक नियमित संग्रह अमीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं दो सीजनल संग्रह अमीनों को ब्लैकलिस्ट कर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं. संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसएसपी को पत्र भेजा गया है. जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com