बिलासपुर हिंसा मामले में बड़ा अपडेट: हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान ने किया सरेंडर, 3 फरार साथी भी गिरफ्तार

बिलासपुर, 02 सितम्बर 2026 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खपरगंज इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पथराव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के कथित मास्टर माइंड और हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान ने कोनी थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। इसके साथ ही पुलिस ने उसके तीन फरार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।

दरअसल, 28 अगस्त की रात खपरगंज में बिरयानी सेंटर के पास दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सड़क पर जमकर पथराव हुआ। घटना में कई लोग घायल हुए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। कलेक्टर और एसएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।

चार दिन बाद सोहेल ने किया सरेंडर

घटना के बाद से पुलिस सोहेल खान की लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच करीब चार दिन तक फरार रहने के बाद सोहेल खान ने 1 सितंबर की रात कोनी थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

वहीं, पुलिस ने उसके फरार तीन साथियों अरबाज, अब्दुल रज्जाक और एक अन्य आरोपी को लालखदान क्षेत्र से पकड़ लिया। पुलिस अब चारों से पूछताछ कर रही है और हिंसा में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में इससे पहले 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। इनमें सोहेल खान गुट के आठ और ठाकुर राम सिंह गुट के तीन आरोपी शामिल थे। सोहेल खान के सरेंडर के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।

हालांकि, मामले का एक अन्य मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह अभी फरार बताया जा रहा है। इसके अलावा हिंसा में शामिल अन्य आरोपियों की भी पुलिस पहचान कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

सोशल मीडिया कमेंट से शुरू हुआ था विवाद

बताया गया है कि खपरगंज में विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर किए गए कथित विवादित कमेंट को लेकर हुई थी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हिंसक झड़प तथा पथराव तक पहुंच गया। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की बात सामने आई थी।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हिंसा की पूरी कड़ी, इसमें शामिल अन्य लोगों और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close