प्राइवेट सेक्टर में सबसे बड़ी डील:बिलासपुर के विनीत ने मेटा के एआई डेटा सेंटर के लिए कराई 2.5 लाख करोड़ की डील

मेटा ने अपने एआई डेटा सेंटर विस्तार के लिए पिम्को के जरिए 26 बिलियन डॉलर (करीब ढाई लाख करोड़ रुपए) की डील की है, जिसे प्राइवेट सेक्टर में दुनिया की सबसे बड़ी डील में से एक बताया जा रहा है।

इस ऐतिहासिक सौदे का नेतृत्व बिलासपुर के विनीत अग्रवाल ने किया है, जो न्यूयॉर्क स्थित पिम्को में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट हैं। इस डील ने वैश्विक टेक-फाइनेंस के नक्शे पर बिलासपुर का नाम दर्ज करा दिया है। सबसे बड़ी टेक कंपनियों के सौदों में निर्णायक भूमिका निभाना विनीत अग्रवाल की उपलब्धि को खास बनाता है।

गौरतलब है कि मेटा ग्रामीण लुइसियाना में अपने डेटा सेंटर का विस्तार कर रही है। मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने हाल ही में कहा था कि कंपनी अपनी सुपर इंटेलिजेंस यूनिट के लिए कई विशाल एआई डेटा सेंटर बनाने पर सैकड़ों अरब डॉलर खर्च करेगी।

जकरबर्ग ने पिछले महीने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म थ्रेड्स पर एक पोस्ट में बताया था कि कंपनी का पहला मल्टी-गीगावाट डेटा सेंटर, जिसे ‘प्रोमेथियस’ नाम दिया गया है, 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। वहीं दूसरा डेटा सेंटर ‘हाइपरियन’ आने वाले वर्षों में 5 गीगावाट तक विस्तार करने में सक्षम होगा। इस डील के लिए तीन महीने से बातचीत चल रही थी।

5 करोड़ का पैकेज छोड़ आगे की पढ़ाई का फैसला

तोरवा के व्यवसायी राजकुमार अग्रवाल और सुनीत अग्रवाल के बेटे विनीत अग्रवाल की सफलता की कहानी आईआईटी और फिर आईआईएम में चयन के साथ शुरू हुई। 23 वर्ष की उम्र में उन्होंने हांगकांग की नंबर-1 वित्तीय कंपनी गोल्डमैन-साच को 2.25 करोड़ रुपए के पैकेज पर ज्वाइन किया।

कुछ अन्य कंपनियों में काम करने के बाद विनीत ने रॉयल बैंक ऑफ स्कॉटलैंड ज्वाइन किया, जहां उन्हें सालाना पांच करोड़ रुपए का पैकेज मिल रहा था। इसी दौरान एमबीए करने के लिए उन्होंने दुनिया के तीन सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में आवेदन किया।

इनमें से अमेरिका के एमआईटी स्लोन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में उन्हें चयन का अवसर मिला। हांगकांग में नौकरी के साथ एमबीए करना मुश्किल होने के कारण विनीत ने मार्च महीने में रॉयल बैंक ऑफ स्कॉटलैंड की नौकरी छोड़ दी। आईआईटी के बाद उन्हें गोल्डमैन-साच और लेहमैन ब्रदर्स दोनों प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से ऑफर मिला था।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com