अमेठी में शादी समारोह के दौरान दूल्हे के पिता से 1 लाख रुपये की लूट, बाइक सवार बदमाश फरार

अमेठी: जिले के कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान लूट की वारदात सामने आई है. कस्बा स्थित अमर मैरिज लान के पास बीती रात बाइक सवार बदमाश दूल्हे के पिता से एक लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर करनाईपुर गांव निवासी पूर्व शासकीय अधिवक्ता रंगनाथ मिश्रा के बेटे दीपक मिश्रा की बारात अमर मैरिज लान में आई थी. दीपक मिश्रा मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स में सांख्यिकी अधिकारी के पद पर तेलंगाना में तैनात हैं. उनकी शादी ठेंगहा गांव निवासी निवेदिता, पुत्री अम्बिका तिवारी से हुई है.

बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे गाजे-बाजे के साथ ककवा रोड कटरा राजा हिम्मत सिंह से बारात निकली थी. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक रंगनाथ मिश्रा के हाथ में पकड़ा रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकला. कुछ दूरी पर पहले से बाइक पर दो साथी उसका इंतजार कर रहे थे. तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए.

रंगनाथ मिश्रा के अनुसार बैग में करीब एक लाख रुपये थे. उन्होंने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है. अभी तहरीर नहीं मिली है, लेकिन आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com