सीएम से भाजपा नेता ने मांगे 1500 करोड़:सोशल मीडिया वीडियो पर बवाल, बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया बदनाम करने का आरोप; MLA पुरंदर ने दर्ज कराया मुकदमा

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी है। वीडियो में कथित तौर पर यह दावा किया गया कि एक भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से 1500 करोड़ रुपए की मांग की है।

वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने इसे कांग्रेस की सोची-समझी साजिश बताते हुए कड़ा विरोध जताया है। रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस मामले में थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई है और कांग्रेस नेताओं पर झूठा व भ्रामक कंटेंट फैलाने का आरोप लगाया है।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया वीडियो पूरी तरह फर्जी, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण है। इसका मकसद भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और छत्तीसगढ़ सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं और उनसे जुड़े सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिए जानबूझकर ऐसा वीडियो वायरल किया गया, जिससे जनता को गुमराह किया जा सके।

MLA मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के किसी भी नेता ने इस तरह की कोई मांग नहीं की है। वीडियो में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है और झूठे संवाद जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति या पार्टी की मानहानि नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनविश्वास पर सीधा हमला है।

झूठे आरोपों के जरिए चरित्र हनन का प्रयास

शिकायत में विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर जानबूझकर एक ऐसा वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

इस फर्जी वीडियो में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय सहित कई वरिष्ठ नेताओं पर 1500 करोड़ रुपए की कथित ‘वसूली’ या ‘कलेक्शन’ का झूठा आरोप मढ़ा गया है। वीडियो में आपत्तिजनक और अमर्यादित वाक्य का प्रयोग कर न केवल नेताओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने, बल्कि जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया है।

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को बनाया गया निशाना

विधायक ने स्पष्ट किया कि इस दुष्प्रचार के माध्यम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की छवि को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत मानहानि नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनविश्वास पर सीधा हमला है।

साइबर साजिश पर सख्त कार्रवाई की मांग

MLA पुरंदर मिश्रा ने मांग की है कि इस गंभीर मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी जाए और वीडियो तैयार करने, अपलोड करने, साझा करने तथा फैलाने वाले सभी व्यक्तियों और सोशल मीडिया आईडी धारकों की पहचान कर गैर-जमानती धाराओं में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। शिकायत के साथ वीडियो के स्क्रीनशॉट, लिंक और दुष्प्रचार में शामिल अकाउंट्स की सूची भी पुलिस को सौंपी गई है। MLA पुरंदर मिश्रा की शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com