भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल, बागेश्वर धाम से लौटते समय ट्रक से टकराई कार

उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए। बुधवार दोपहर उनकी इनोवा कार नेशनल हाईवे-44 पर खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में उन्हें कमर और कूल्हे में गंभीर चोट आई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे के समय उनकी पत्नी और बेटी भी कार में मौजूद थीं, लेकिन वे सुरक्षित हैं।

कार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक किरण सिंह देव परिवार के साथ मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम, दतिया स्थित मां पीतांबरा मंदिर और ओरछा में दर्शन करने के बाद रायपुर लौट रहे थे। ललितपुर के तालबेहट क्षेत्र में दोपहर करीब 3:30 बजे सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में उनके चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

कूल्हे में फ्रैक्चर, विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज

झांसी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के अनुसार किरण सिंह देव को बाहरी चोटें कम हैं, लेकिन कमर और पैर में अंदरूनी चोटें आई हैं। जांच में उनके कूल्हे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। उनके इलाज के लिए ऑर्थोपेडिक्स, मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी और कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बनाई गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है और बेहतर उपचार के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।

परिवार सुरक्षित, काफिले की अन्य गाड़ियों को नहीं हुआ नुकसान

हादसे के समय कार में मौजूद उनकी पत्नी रीना सिंह देव, बेटी आयुषी, पीएसओ, पीए और चालक भी साथ थे। पत्नी और बेटी पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि चालक और अन्य सहयोगियों को मामूली चोटें आई हैं। काफिले में शामिल अन्य सभी वाहन सुरक्षित रहे। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया, वहीं भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com