जबलपुर: सरकारी रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों से तीन महिलाओं सहित 7 लोग घायल

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
जबलपुर: मध्यप्रदेश जबलपुर जिले के चरगवां थाना क्षेत्र के बम्बाबारी गांव में सरकारी रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले चार वर्षों से रास्ते को लेकर तनातनी चल रही थी, जो अचानक उग्र हो गई और देखते ही देखते लाठी डंडे और रॉड चलने लगी. जहा इस पूरी घटना में 7 लोग घायल हुए हैं. जिनका मेडिकल अस्पताल में इलाज चल रहा है.

बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और सब्बल से एक-दूसरे पर हमला कर दिया गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस झड़प में तीन महिलाएं एवं चार पुरुष सहित कुल सात लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए जबलपुर के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका उपचार जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही चरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एएसआई प्रकाश पटेल के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो. फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.










