नाबालिग की लापरवाही से दुकान में घुसी कार, संचालक गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बुधवार रात एक अनियंत्रित कार दुकान में घुस गई, जिससे दुकान संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब कार को पीछे करते वक्त चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे दुकान के भीतर जा घुसा।
यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के करबला रोड स्थित मां अंबे रेडीमेड कपड़ा दुकान के सामने हुई। रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान में संचालक और कर्मचारी मौजूद थे और रोजमर्रा का काम चल रहा था। इसी दौरान सड़क पर खड़ी एक कार को पीछे किया जा रहा था, तभी चालक का संतुलन बिगड़ गया।
कार की टक्कर से दुकान का सामान बिखर गया और शीशे टूट गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान दुकान संचालक कार की चपेट में आकर नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार नाबालिग लड़का चला रहा था। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोश फैल गया। नाबालिग के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई और हंगामा शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और नाबालिग चालक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है कि हादसा लापरवाही, तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ। साथ ही नाबालिग को वाहन सौंपने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।











