चौमूं मस्जिद मामला: पुलिसवालों का सिर फोड़ने वालों में महिला पत्थरबाज भी शामिल, अब तक 110 अरेस्ट; इंटरनेट फिर बंद

जयपुर: राजधानी के पास स्थित चौमूं कस्बे में धार्मिक स्थल के बाहर रेलिंग लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद हालात अब भी संवेदनशील बने हुए हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं पर लगी पाबंदी को अगले 24 घंटे के लिए और बढ़ा दिया है. अब चौमूं में 28 दिसंबर, रविवार सुबह 7 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी.

संभागीय आयुक्त पूनम ने पुलिस आयुक्त की रिपोर्ट के आधार पर इंटरनेट बंदी की अवधि बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं. पहले यह पाबंदी 27 दिसंबर सुबह 7 बजे तक लागू थी, जिसे हालात को देखते हुए अब 28 दिसंबर सुबह 7 बजे तक बढ़ा दिया गया है. प्रशासन का मानना है कि सोशल मीडिया के जरिए फैलने वाली अफवाहें तनाव को और भड़का सकती हैं, इसलिए यह एहतियाती फैसला लिया गया है.

इस विवाद की शुरुआत मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित एक धार्मिक स्थल के किनारे लोहे की रेलिंग और बाउंड्री लगाने को लेकर हुई. बताया जा रहा है कि सड़क किनारे पड़े पत्थरों को हटाने पर प्रशासन और समुदाय के बीच सहमति बनी थी, लेकिन इसके बाद वहां रेलिंग लगाने की कोशिश पर विवाद बढ़ गया. शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे जब पुलिस और प्रशासन की टीम अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो अचानक भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव कर दिया. इस हिंसा में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए.

घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 110 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 11 महिलाएं भी शामिल हैं. सभी आरोपियों को चिन्हित कर उनके घरों से पकड़ा गया है. स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.

फिलहाल चौमूं कस्बा पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील है. शांति बनाए रखने के लिए आरएसी, एसटीएफ और क्यूआरटी की टीमें तैनात हैं, जो लगातार फ्लैग मार्च कर रही हैं. बाजार और यातायात सामान्य हैं, लेकिन संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com