NEET पेपर लीक के विरोध में धमतरी में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम और शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

NEET पेपर लीक मामले को लेकर धमतरी जिले में कांग्रेस ने गुरुवार को सभी ब्लॉकों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव एवं सह-प्रभारी डॉ. एस.ए. संपत कुमार भी शामिल हुए।
प्रदर्शन से पहले डॉ. एस.ए. संपत कुमार ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाए गए।
डॉ. एस.ए. संपत कुमार ने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करने के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करते हुए संबंधित जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से छात्र और युवा अपने भविष्य को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार पेपर लीक जैसी गंभीर घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि इससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई। डॉ. संपत कुमार ने कहा कि पेपर लीक मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।











