एमसीबी में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, खड़गे-राहुल की गिरफ्तारी के विरोध में फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

एमसीबी जिले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस ने विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध और छात्र हितों के समर्थन में आयोजित किया गया।
मनेंद्रगढ़ के दीनदयाल चौक पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान लोकतंत्र, संविधान और छात्र हितों की रक्षा की मांग उठाई गई। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
चिरमिरी के हल्दीबाड़ी क्षेत्र में युवा कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष हाफिज़ मेमन के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। वहीं, एनएसयूआई ने जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी के नेतृत्व में बड़ी बाजार स्थित दुर्गा पंडाल में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उठाया।
महिला कांग्रेस ने भी पूर्व जिला अध्यक्ष रूमा चटर्जी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं, छात्रों और विपक्षी नेताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई की निंदा करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों और जनहित के मुद्दे उठाने वाले जनप्रतिनिधियों तथा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
जिलेभर में आयोजित इन प्रदर्शनों में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।











