जनकपुर में जर्जर सड़क पर धान रोपकर कांग्रेस का विरोध, नगर पंचायत को दी घेराव आंदोलन की चेतावनी

एमसीबी जिले के जनकपुर नगर पंचायत क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर की जर्जर सड़क और खराब सफाई व्यवस्था के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड परिसर की गड्ढों से भरी सड़क पर धान का रोपा लगाकर नगर पंचायत के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द सड़क मरम्मत तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनकपुर बस स्टैंड नगर का सबसे व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री, छात्र, व्यापारी और स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं। इसके बावजूद सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी फैली हुई है। समय पर नालियों की सफाई नहीं होने से जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर पंचायत को शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है और जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बस स्टैंड की सड़क की मरम्मत, गड्ढों की भराई और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो नगर पंचायत कार्यालय का घेराव किया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com