जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन तेज, निर्माण शुरू नहीं हुआ तो 1 अगस्त को होगा चक्काजाम

रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में केशला-तोलगे सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर पूर्व भाजयुमो नेता रवि भगत और सड़क संघर्ष समिति गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से चक्काजाम आंदोलन में शामिल होने का न्योता दिया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि केशला-तोलगे सड़क वर्षों से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इस मार्ग की खराब स्थिति से करीब 20 गांवों के लोग रोजाना परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

सड़क निर्माण की मांग को लेकर कुछ दिन पहले रवि भगत और ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में चेतावनी दी गई थी कि यदि 31 जुलाई तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो 1 अगस्त को केशला मोड़ पर चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा।

सड़क संघर्ष समिति के नेतृत्व में 19 जुलाई से चरणबद्ध जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत तोलगे बाजार में न्योता अभियान, आंदोलन की रणनीति तैयार करने, प्रभावित पंचायतों के सरपंचों और स्व-सहायता समूहों से संपर्क, जनसमर्थन और हस्ताक्षर अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा केशला, टटकेला, मुड़ापारा, नहरकेला, भेड़ीमुड़ा, सारसमाल सहित 20 से अधिक गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की जा रही है। आंदोलन से पहले मशाल यात्रा और अंतिम जन-अह्वान कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

रवि भगत ने कहा कि प्रशासन को सड़क निर्माण के लिए पहले ही ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो 1 अगस्त को केशला मोड़ पर चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रभावित गांवों में लगातार जनसमर्थन जुटाया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com