इंस्टाग्राम पर दोस्ती बनी ब्लैकमेलिंग का जाल, युवती से 13 हजार की उगाही करने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक युवती के लिए मुसीबत बन गई। आरोपी ने पहले प्रेमजाल में फंसाकर युवती की निजी फोटो और वीडियो हासिल किए, फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर 13 हजार रुपये वसूल लिए। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि करीब छह वर्ष पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी अविनाश उर्फ राजा से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने विश्वास में लेकर युवती से निजी फोटो और वीडियो मंगवा लिए।

कुछ समय बाद आरोपी ने युवती को एक एपीके (APK) फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने के लिए कहा। युवती ने फाइल डाउनलोड कर एक्सेस कोड भी साझा कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके मोबाइल में मौजूद फोटो, वीडियो, निजी जानकारी और संपर्क नंबरों तक पहुंच बना ली।

इसके बाद आरोपी ने युवती को उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया व परिजनों के बीच वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण युवती ने आरोपी के पेटीएम खाते में अलग-अलग किश्तों में 13 हजार रुपये भेज दिए। रकम मिलने के बाद भी आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा।

शिकायत मिलने पर साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी 20 वर्षीय अविनाश चौधरी के रूप में हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम बिहार पहुंची और बेला थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाई।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यूट्यूब के जरिए हैकिंग और साइबर अपराध के तरीके सीखे थे, जिनका इस्तेमाल कर उसने युवती को ब्लैकमेल किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध एपीके फाइल या लिंक को डाउनलोड न करने, निजी जानकारी साझा करने से बचने और ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com