कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों को दी रफ्तार, पांच राज्यों के लिए बनी स्क्रीनिंग समितियां

कांग्रेस पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पांच राज्यों के लिए स्क्रीनिंग समितियों का गठन किया है। जिन राज्यों में यह समितियां बनाई गई हैं, उनमें केरल, असम, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी शामिल हैं। इन समितियों का मुख्य काम चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों का चयन और उनकी सूची तैयार करना होगा।

पार्टी ने महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को असम की स्क्रीनिंग कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी है। यह पहला अवसर है जब प्रियंका गांधी को किसी राज्य की स्क्रीनिंग समिति का नेतृत्व सौंपा गया है। असम में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं और पार्टी वहां संगठन को मजबूत करने में जुटी है।

पार्टी संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मधुसूदन मिस्री को केरल स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख बनाया गया है। वहीं तमिलनाडु और पुडुचेरी की जिम्मेदारी टीएस सिंह देव को सौंपी गई है। पश्चिम बंगाल की स्क्रीनिंग कमेटी का नेतृत्व बीके हरिप्रसाद करेंगे।

स्क्रीनिंग समितियां संबंधित राज्यों में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन करेंगी। क्षेत्र में प्रत्याशी की पकड़, संगठन में उसकी भूमिका, चुनाव जीतने की संभावना और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद इन नामों पर अंतिम फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा लिया जाएगा।

पार्टी का मानना है कि समय रहते स्क्रीनिंग समितियों के गठन से उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया मजबूत होगी और चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने में आसानी मिलेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com