देश का आम बजट 2026 पहली बार रविवार को पेश होगा, बजट सत्र की तारीखों पर मुहर

देश का आम बजट 2026 पहली बार रविवार को पेश किया जाएगा। संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में संसद के आगामी बजट सत्र की तारीखों को मंजूरी दे दी गई है। बजट सत्र दो चरणों में आयोजित होगा।
बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जिसकी शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी। इसके बाद दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इसी दौरान अनुदान मांगों पर चर्चा और वित्त विधेयक को पारित किया जाएगा।
1 फरवरी 2026 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में बजट पेश करेंगी। यह पहली बार होगा जब देश का आम बजट रविवार के दिन पेश किया जाएगा। वर्ष 2017 से लगातार 1 फरवरी को बजट पेश किया जा रहा है, लेकिन इस बार यह तारीख रविवार को पड़ रही है, जिस कारण सरकारी दफ्तर और शेयर बाजार बंद रहेंगे। इसी दिन गुरु रविदास जयंती भी है।
निर्मला सीतारमण इस बार लगातार नौवीं बार बजट पेश करेंगी और इस उपलब्धि के साथ वह इतिहास रचेंगी। वह लगातार सबसे ज्यादा बजट पेश करने वाली वित्त मंत्रियों में शामिल हो जाएंगी। इससे पहले वह आठ बजट पेश कर प्रणब मुखर्जी की बराबरी कर चुकी हैं। देश में सबसे अधिक दस बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड मोरारजी देसाई के नाम है।
इस बार का बजट सत्र विकसित भारत 2047 के विजन को आगे बढ़ाने पर केंद्रित रहने की उम्मीद है, जिसमें आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे, रोजगार और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े अहम फैसले किए जा सकते हैं।









