जांजगीर-चांपा में साइबर थाना शुरू, 20 पुलिसकर्मी तैनात

जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस कंट्रोल रूम में नया साइबर थाना शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर से वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन किया। इस थाने का उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी पर प्रभावी रोक लगाना है।

राज्य सरकार ने प्रदेश में बढ़ते साइबर फ्रॉड और ठगी की घटनाओं को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए साइबर थाने स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसी के तहत जांजगीर-चांपा में यह नया थाना शुरू किया गया।

साइबर थाने में कुल 20 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सागर पाठक को जिले का प्रथम साइबर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ एसआई, एएसआई, हवलदार और आरक्षकों की भी नियुक्ति हुई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि साइबर अपराधों के मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जिले में फिलहाल साइबर अपराध के मामले सीमित हैं। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल लगभग 5,500 अपराध दर्ज हुए हैं, जिनमें से 29 मामले साइबर क्राइम से संबंधित हैं। अब तक साइबर मामलों की रिपोर्टिंग संबंधित थानों में होती थी, लेकिन अब सभी साइबर प्रकरण सीधे नए थाने में दर्ज किए जाएंगे, जिससे त्वरित जांच और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

close