रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव, जांच में हत्या का खुलासा; जुए के पैसों के विवाद में चाकू से हमला, 3 नाबालिग समेत 4 हिरासत में

राजधानी में रेलवे ट्रैक के किनारे मिले 19 वर्षीय युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। शुरुआती तौर पर घटना को ट्रेन हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच में सामने आया कि जुए में हार-जीत के पैसों को लेकर विवाद के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या की गई थी। वारदात के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास इस तरह छोड़ा गया, जिससे मामला दुर्घटना का लगे। पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है।
मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोगांव का है। मृतक की पहचान अशोक नगर निवासी प्रीतम साहू (19) के रूप में हुई है। वह नड्डा बेचने का काम करता था और पिछले दो दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। सोमवार को गोगांव अंडरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक किनारे उसका शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
जुए के पैसों को लेकर हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में युवक का एक पैर कटा हुआ और कपड़ों पर खून के निशान मिले थे। घटना को पहले ट्रेन हादसा माना जा रहा था। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि प्रीतम को आखिरी बार रेलवे ट्रैक के पास कुछ युवकों के साथ जुआ खेलते हुए देखा गया था। इसी दौरान हार-जीत के पैसों को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने प्रीतम पर चाकू से हमला कर दिया।
शव को ट्रैक किनारे छोड़कर हादसा दिखाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक के किनारे छोड़ दिया गया, ताकि घटना को ट्रेन हादसा समझा जाए। जांच के आधार पर पुलिस ने तीन नाबालिगों और एक युवक को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ कर हत्या की पूरी घटना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात से जुड़े अन्य सबूतों की भी तलाश कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











