रायगढ़ में खाद्य दुकानों पर जांच, खोवा-कलाकंद समेत मिठाइयों के सैंपल लिए गए

रायगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत सोमवार को होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खोवा, कलाकंद, पैक्ड मिठाई और नारियल लड्डू के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों ने संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

यह अभियान 17 से 23 अगस्त तक चलाया जा रहा है। इसके तहत होटल, ढाबे, मिठाई दुकान, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना है।

कलकत्ता स्वीट्स और कातोरे रेस्टोरेंट में जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले कलकत्ता स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां विभिन्न मिठाइयों की जांच के दौरान शंका के आधार पर खोवा का सैंपल लिया गया। दुकान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद टीम कोतरा रोड स्थित कातोरे रेस्टोरेंट पहुंची। यहां खाद्य सामग्री और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कलाकंद का नमूना लिया गया। संचालक को खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पैक्ड मिठाई और नारियल लड्डू के भी सैंपल

टीम ने आशीर्वाद ट्रेडर्स का भी निरीक्षण किया। यहां से पैक्ड मिठाई और नारियल लड्डू के नमूने लिए गए। संचालक को बिना लेबल वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री या खरीद नहीं करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल और नमूना सहायक सुमन अग्रवाल मौजूद रहे।

अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत पूरे सप्ताह खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी। सोमवार को कई होटल और मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर सैंपल लिए गए हैं। नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com