विरोध की आशंका के बीच TISS ने बदला दीक्षांत समारोह का मुख्य अतिथि, CJI सूर्य कांत की जगह डॉक्टर सीएस प्रमेश को न्योता

टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) के 86वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि को लेकर आखिरी समय में बदलाव किया गया है। पहले देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्य कांत को समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था, लेकिन अब उनकी जगह टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉक्टर सीएस प्रमेश को आमंत्रित किया गया है। दीक्षांत समारोह अब 22 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।

इससे पहले समारोह 2 अगस्त को होना था, लेकिन कार्यक्रम से करीब 48 घंटे पहले इसे अप्रत्याशित परिस्थितियों का हवाला देते हुए स्थगित कर दिया गया था। उस समय संस्थान ने कार्यक्रम स्थगित करने की स्पष्ट वजह सार्वजनिक नहीं की थी। हालांकि, छात्रों और अधिकारियों के बीच जस्टिस सूर्य कांत के दौरे को लेकर संभावित विरोध और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता की बात सामने आई थी।

विरोध और सुरक्षा को लेकर उठी थी चिंता

संस्थान की ओर से कहा गया था कि उस समय समारोह के लिए अनुकूल माहौल नहीं था और कार्यक्रम आयोजित करने से छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों, मेहमानों और कैंपस के माहौल पर असर पड़ सकता था। इसके बाद अब नए कार्यक्रम में डॉक्टर सीएस प्रमेश को मुख्य अतिथि बनाया गया है।

हालांकि, TISS की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मुख्य अतिथि बदलने का फैसला सीधे तौर पर जस्टिस सूर्य कांत को हटाए जाने से जुड़ा है या सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए लिया गया है।

समारोह स्थगित होने से कई छात्र और उनके परिजन भी परेशान हुए थे। कई परिवारों ने यात्रा की पहले से तैयारी कर ली थी। बाद में संस्थान ने प्रभावित छात्रों को मामले के आधार पर आर्थिक सहायता देने की बात कही थी।

NALSAR में भी हुआ था CJI के निमंत्रण का विरोध

इससे पहले हैदराबाद की NALSAR यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के दीक्षांत समारोह में भी जस्टिस सूर्य कांत को मुख्य अतिथि बनाए जाने का विरोध हुआ था। करीब 450 छात्रों ने इस निमंत्रण पर आपत्ति जताते हुए प्रदर्शन किया था।

विरोध के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने ग्रेजुएट छात्रों के एडवोकेट के तौर पर एनरोलमेंट पर रोक लगाने की कार्रवाई की थी। इस फैसले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद BCI ने अपना निर्णय वापस ले लिया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए एकतरफा कार्रवाई को लेकर काउंसिल को फटकार लगाई थी।

अब TISS का दीक्षांत समारोह 22 अगस्त को देवनार स्थित नौरोजी कैंपस में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से ग्रेजुएट होने वाले छात्र शामिल होंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com