दीपक बैज बोले- नड्डा-रमन का हो नार्को टेस्ट:भाई को भाई से, धर्म को धर्म से लड़वा रही भाजपा,लोग एक दूसरे के खून के प्यासे

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के झीरम हमले में कांग्रेसियों का नक्सलियों से समझौता वाले वाले बयान पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने जेपी नड्डा और पूर्व CM रमन सिंह का नार्को टेस्ट करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि, इस घटना के पीछे तब की भाजपा सरकार का हाथ था।
दीपक बैज ने जगदलपुर में कहा कि, प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है, यहां का शांत वातावरण अशांत हो गया है। भाई को भाई से लड़वाया जा रहा है। धर्म को धर्म से लड़वा रहे हैं। लोग एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए हैं। राज्य में लॉ एंड ऑर्डर खत्म हो चुका है। खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
धर्मांतरण को लेकर अब तक क्यों नहीं लाए कानून- बैज
सरकार घटनाएं नहीं रोक पा रही है। इसका बीज भाजपा ने बोया है। वोटों का ध्रुवीकरण करने के लिए इस तरह की राजनीति की जा रही है। सरकार ने बड़े-बड़े दावे किए थे कि धर्मांतरण को लेकर नया कानून लाने ड्राफ्ट तैयार है। तो क्यों नहीं ला रहे हैं?
बैज ने कहा कि, जिस साल झीरम हमला हुआ तब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी। रमन सिंह मुख्यमंत्री थे। जेपी नड्डा प्रदेश प्रभारी थे। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के खिलाफ नक्सलियों ने चिट्ठी भी जारी की थी। तब भी सरकार ने इस परिवर्तन यात्रा को लेकर सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए?
झीरम हमले के 15 दिन पहले से था नक्सलियों का जमावड़ा
घटना के 15 दिन पहले से उस क्षेत्र में नक्सलियों का जमावड़ा था तो सरकार के IB, LIB इंटेलिजेंस की टीम आखिर कहां थी। भाजपा की सरकार चाहती तो इस घटना को रोक सकती थी। षड्यंत्र के तहत यह घटना करवाई गई है। जेपी नड्डा का बयान शहीद परिवारों के अपमान वाला बयान है। उन्हें अपने इस बयान पर शहीद परिवारों से माफी मांगनी चाहिए।
BJP बोली- कोई सरकार कलंक नहीं लेना चाहती
दीपक बैज के इस बयान के बाद भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिव नारायण पांडेय ने कहा कि, कांग्रेस के अंदर से ही आवाज उठी है कि किसका नार्को नेस्ट करना चाहिए। महेंद्र कर्मा के बेटे ने कांग्रेस के नेताओं का ही नार्को टेस्ट करवाने की बात की है। दीपक बैज छविंद्र कर्मा को कुछ कह नहीं सकते क्योंकि वे महेंद्र कर्मा के बेटे हैं। इसलिए वे भाजपा नेताओं का नार्को टेस्ट करवाने की बात कह रहे हैं।
कांग्रेस का 5 साल का शासन था। ये जिसका चाहते नार्को टेस्ट करवा सकते थे। सच्चाई को सामने ला सकते थे। लेकिन सच्चाई ये है कि कांग्रेस अपने अंतर्द्वंदों की शिकार हुई है। इस पर कुंठाग्रस्त बयान दीपक बैज ने दिया है। BJP प्रवक्ता ने कहा कि कोई भी सरकार अपने ऊपर कलंक लेना नहीं चाहती है। धर्मांतरण का मामला सिर्फ BJP का नहीं बल्कि समाज का एक कोर इश्यू है।
आदिवासी समुदाय के लोग अपनी संस्कृति-परंपरा से जुड़े हुए हैं। ऐसी स्थिति में यदि धर्मांतरण होता है तो विजातीय भाव पैदा होता है। दीपक बैज गांव-गांव में जाकर चर्च का उद्घाटन करते थे। अपना वोट बैंक बनाते थे। इसके फोटोग्राफ मौजूद हैं।
इसका आक्रोश आदिवासी समाज में खड़ा हुआ। आदिवासी क्षेत्रों में किस-किस तरह से धर्मांतरण हो इसमें खुद ये शामिल रहे हैं। आज आदिवासी समाज जागरूक हो गया है।
अब जानिए जेपी नड्डा ने क्या कहा था ?
छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार के 2 साल पूरे होने पर जांजगीर के पुलिस ग्राउंड में 2 दिन पहले ‘जनादेश परब’ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शामिल हुए थे। उन्होंने कहा था कि दो साल पहले चुनाव प्रचार में वे इस क्षेत्र में आए थे। भाजपा को एकतरफा जीत मिली, क्योंकि कांग्रेस की पिछली सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी और अपने वादे पूरे नहीं कर पाई थी।
नक्सलवाद के साथ समझौता करने वाली सरकार को जनता ने उखाड़ फेंका और कमल खिलाया। जेपी नड्डा ने कहा कि 2013 में हुए झीरम घाटी नक्सली हमले के पीछे कांग्रेस के ही कुछ अंदरूनी लोगों का हाथ था। मुझे याद है जब यह भयानक हमला हुआ था तब मैं छत्तीसगढ़ में भाजपा का प्रभारी था। मैंने बेहद करीब से झीरम घाटी की घटना देखी है।
नड्डा ने आगे कहा कि आज मैं बड़ी जिम्मेदारी के साथ कहना चाहता हूं कि उस समय नक्सलियों को काफिले की अंदरूनी जानकारी और लोकेशन की खबरें कोई बाहरी नहीं दे रहा था, कांग्रेस के बीच के ही कुछ लोग अपने नेताओं को मरवाने में लगे हुए थे और नक्सलियों से संपर्क कर रहे थे।










