सूरजपुर पुलिस की दोहरी कार्रवाई: रेलवे नौकरी के नाम पर ठगी का फरार आरोपी गिरफ्तार, ओवरलोड वाहन पर 20 हजार का जुर्माना

सूरजपुर: जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए यह स्पष्ट कर दिया है कि ठगी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी. एक ओर रेलवे में भृत्य (चपरासी) की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया. वहीं दूसरी ओर ओवरलोड वाहन पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.
पहला मामला थाना जयनगर क्षेत्र का है. ग्राम आमगांव निवासी बालरूप सिंह ने 4 मई 2025 को थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सितंबर 2023 में उसके परिचित अज्जू सिंह निवासी ठाकुरपुर, थाना गांधीनगर ने रेलवे विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे और उसके भाई से कुल 2 लाख 38 हजार 600 रुपये ले लिए. लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने और बार-बार टालमटोल करने के बाद आरोपी ने 70 हजार रुपये वापस किए, लेकिन शेष राशि लौटाने से इनकार कर दिया.
शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 122/2025 धारा 420, 34 भादसं के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 मई 2025 को मुख्य आरोपी अज्जू सिंह को गिरफ्तार कर लिया था. पूछताछ में उसने अपने सहयोगी सुदामा दास के साथ मिलकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. इसके बाद से सुदामा दास फरार चल रहा था.
डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा लंबित मामलों की समीक्षा कर फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे. इसी क्रम में थाना जयनगर पुलिस लगातार पतासाजी कर रही थी. प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सुदामा दास (48 वर्ष) निवासी मरौल बरडीपा टोला, थाना बगीचा, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर लिया. 17 फरवरी 2026 को उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया. कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन व एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रूपेश कुंतल एक्का और उनकी टीम ने की.
दूसरी कार्रवाई थाना चंदौरा क्षेत्र में की गई. 14 फरवरी 2026 को नियमित वाहन जांच के दौरान अशोक लीलैंड “बड़ा दोस्त” वाहन क्रमांक एमपी 20 जेडडी 7239 को रोका गया. वाहन में फर्नीचर अनुज्ञेय सीमा से अधिक ऊंचाई तक लोड पाया गया, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी. मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया. पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में क्षमता के अनुसार ही माल लादें, ताकि दुर्घटनाओं और आर्थिक दंड से बचा जा सके.
दोनों मामलों में की गई कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि सूरजपुर पुलिस कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है और ठगी व नियम उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.











