DRDO का बड़ा क्वांटम कदम, स्टार्टअप संग बनेगा 20 mK डायल्यूशन रेफ्रिजरेटर

भारत ने क्वांटम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक अहम कदम आगे बढ़ाया है. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन यानी DRDO ने राजस्थान के अलवर स्थित स्टार्टअप Zero mK India Private Limited के साथ 20 मिलीकैल्विन क्षमता वाला डायल्यूशन रेफ्रिजरेटर विकसित करने के लिए समझौता किया है.

यह समझौता Technology Development Fund यानी TDF योजना के तहत किया गया है. DRDO के मुताबिक, यह 500 करोड़ रुपये के डीप-टेक फंड के तहत पहला हाई-वैल्यू प्रोजेक्ट एग्रीमेंट है। इस फंड को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीप-टेक और अत्याधुनिक तकनीकों से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए मंजूरी दी थी.

क्या है डायल्यूशन रेफ्रिजरेटर?

डायल्यूशन रेफ्रिजरेटर एक बेहद खास क्रायोजेनिक सिस्टम है, जो तापमान को मिलीकैल्विन स्तर तक, यानी लगभग 20 mK तक कम कर सकता है. इतनी कम तापमान वाली स्थिति क्वांटम कंप्यूटिंग और कई दूसरी क्वांटम तकनीकों के संचालन और परीक्षण के लिए जरूरी होती है.

भारत को क्या फायदा होगा?

इस तकनीक का देश में विकास होने से भारत की एडवांस क्रायोजेनिक्स और क्वांटम टेक्नोलॉजी में क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, क्वांटम कंप्यूटिंग के लिए जरूरी क्रायोजेनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में विदेशी उपकरणों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी.

यह प्रोजेक्ट नेशनल क्वांटम मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप है और भारत में स्वदेशी क्वांटम टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

क्वांटम टेक्नोलॉजी वह तकनीक है जो बहुत छोटे स्तर पर मौजूद कणों, जैसे परमाणु और इलेक्ट्रॉन के क्वांटम गुणों का इस्तेमाल करती है.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह क्या बोले?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस प्रोजेक्ट से जुड़े DRDO, इंडस्ट्री और सभी स्टेकहोल्डर्स को बधाई दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि DRDO और इंडस्ट्री की यह साझेदारी भविष्य में उभरती तकनीकों के क्षेत्र में ऐसे और प्रोजेक्ट्स के लिए मिसाल बनेगी.

रक्षा सचिव और रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा DRDO चेयरमैन राजेश कुमार सिंह ने भी प्रोजेक्ट से जुड़ी टीमों को शुभकामनाएं दीं. सामरिक दृष्टि से, क्वांटम कंप्यूटिंग, क्रायोजेनिक्स और डीप-टेक जैसी तकनीकें भविष्य की रक्षा प्रणालियों और रणनीतिक क्षमताओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close