‘Gen Z बीजेपी के खिलाफ, पार्टी को नहीं देना चाहते वोट’, राहुल गांधी का दावा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और न सिर्फ बीजेपी, केंद्र सरकार और देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा बल्कि उन्होंने कई तरह के दावे भी किए और सरकार पर आरोप भी लगाया. उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने जनवरी 2024 से वोटर लिस्ट के सालाना ‘स्पेशल समरी रिवीजन’ (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) को रोक दिया है, जिससे ‘जेन-जी’ (Gen Z) के नए वोटर अपना नाम नहीं जुड़वा पा रहे हैं.

राहुल गांधी ने इसे आयोग के अंदरूनी मतभेदों से जोड़ा और कहा कि कुछ राज्यों में चल रहे रिवीजन के दौरान ऐसी खबरें आईं कि दो कमिश्नरों ने कम से कम 14 बार उन फैसलों पर आपत्ति जताई, जो उनकी सलाह के बिना लिए गए थे. आयोग का कहना है कि फैसले सामूहिक और सर्वसम्मति से लिए जाते हैं, जबकि विपक्ष भविष्य के चुनावों से पहले युवाओं के वोटिंग अधिकार से वंचित रहने की चिंता जता रहा है. राहुल ने देश के ‘जेन जी’ (Gen Z) वोटरों के साथ BJP के रिश्तों को लेकर दावा किया कि पार्टी जानती है कि युवा वोटर उसे वोट नहीं देना चाहते, वो बीजेपी के खिलाफ हैं.

CEC ज्ञानेश कुमार पर चुनाव में धांधली का आरोप

उन्होंने CEC ज्ञानेश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा, ‘वोट चोरी के मामले में हमने जो बातें कही थीं, उन्हें अब दो चुनाव आयुक्तों ने भी मान लिया है. पहले इस संस्था ने हमारे दावों को नकार दिया था. अब उन्होंने उन्हें स्वीकार कर लिया है और कहा है कि पिछले तीन सालों से मैं जो कह रहा था, वह सच है और ज्ञानेश कुमार चुनाव में धांधली करने में मदद कर रहे हैं’. राहुल ने आगे कहा कि वोटिंग इस देश की नींव है. वोटिंग से संविधान को मजबूती मिलती है, संविधान से ही कानून बनते हैं और उन्हीं से संस्थाएं बनती हैं. अगर वोट देने का अधिकार छीन लिया जाए, तो संविधान, कानूनों और संस्थाओं का कोई मतलब नहीं रह जाएगा.

एंटी-इनकंबेंसी को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि एंटी-इनकंबेंसी (सत्ता-विरोधी लहर) सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है, लेकिन मोदी-शाह पर इसका कोई असर नहीं होता. दो चुनाव आयुक्तों ने इसकी वजह बताई है. उन्होंने कहा कि अगर नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार भारत की वोटिंग व्यवस्था को खत्म करते हैं, तो कांग्रेस और विपक्ष चुप नहीं बैठेंगे. देश पहले से ही जानता है कि उनके वोट बर्बाद कर दिए गए हैं, हम सब जानते हैं कि यह साजिश किसने रची.

राहुल ने लोकसभा चुनाव को बताया फर्जी

राहुल ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव फर्जी था. साथ ही विधानसभा चुनावों में भी धोखाधड़ी हुई थी. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को अपना गुनाह कबूल कर लेना चाहिए और ‘वोट की चोरी’ का गवाह बनना चाहिए.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close