जमुई-समस्तीपुर की घटनाओं पर भड़के प्रशांत किशोर, बोले- बिहार में क्राइम अनकंट्रोल

जमुई के बाद समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और वैशाली सहित अन्य जगहों पर हुई शर्मनाक घटनाओं को लेकर जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहार सरकार पर जमकर बरसे. उन्होंने समस्तीपुर में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार का नेतृत्व अपराधी लोग कर रहे हैं, बिना डीजीपी के सरकार चल रही है, इसमें क्राइम अनकंट्रोल है, भूमफिया, शराब माफियाओं के कब्जे में है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस भू-माफिया, शराब माफियाओं से कैसे पैसा वसूली कर निकाले, उसकी चिंता में लगी हुई है.
जमुई के तर्ज पर समस्तीपुर में हुए छेड़छाड़ मामले को लेकर कहा कि बिहार में सरकार का नेतृत्व अनपढ़ और अपराधी टाइप के लोग कर रहे हैं, डीजीपी कौन है यह जानकारी लोगो को नहीं, ऐसे में अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा ही. उन्होंने कहा कि भू-माफिया और शराब माफिया घटनाओं को खुलेआम अंजाम दे रहे हैं, चाहे वह जमुई हो, समस्तीपुर हो या वैशाली जिला ही क्यों न हो.
आरक्षण के मुद्दे पर PK ने क्या कहा?
आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जो व्यवस्था बनी हुई है, वह बरकरार रहना चाहिए, आरक्षण को लेकर जो आयोग की रिपोर्ट आई है, उस पर चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जो लोग इस काम में लगे हुए हैं, वह समाज को बांटने का काम कर रहे हैं. प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने एक तरह से राजनीति से संन्यास ले लिया है, वह कहीं जाने की स्थिति में नहीं हैं, आज वह इस स्थिति में नहीं हैं कि शारीरिक व मानसिक तौर पर अपने विचार रख सकें.
बेरोजगार को रोजगार देने का दावा
स्नातक चुनाव के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उम्मीदवार को मतदाता अगर जिताते हैं, तो जो सुविधा हमने बांकीपुर के मतदाता को दी है, वहीं सुविधा उन लोगों को भी मिलेगी. उन्होंने कहा कि जो लोग बेरोजगार हैं, जन सुराज के उम्मीदवार को जिताते हैं, तो बेगूसराय-दरभंगा क्षेत्र के 10 हजार बेरोजगार को रोजगार मिलेगा.
‘बिहार में बढ़ रहा अपराध का ग्राफ’
प्रशांत किशोर ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आप मोदी जी का चेहरा देखकर, 500 रुपये लेकर चुनाव में वोट दे रहे हैं तो कैसे बेरोजगारी दूर होगी. उन्होंने कहा कि जाति-धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर एक बार चुनाव में अच्छे उम्मीदवार को वोट दीजिए, निश्चित रूप से सुधार होगा. उन्होंने आगे कहा कि बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है, बांकीपुर में सरेआम अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी, समझ सकते हैं कि लॉ एंड ऑर्डर सरकार के नियंत्रण में नहीं है, अपराधियों को कानून का खौफ नहीं है.
ये भी पढ़ें: पंजाब में ED की छापेमारी पर गरमाई सियासत, सिसोदिया बोले- भ्रष्टाचार का सबूत नहीं मिलने वाला











