डूंगरपुर: अवैध बजरी खनन पर सरोदा पुलिस का शिकंजा, झाखरी नदी पेटे से जेसीबी जब्त; चालक डिटेन

​डूंगरपुर: जिले में अवैध गतिविधियों और खनन माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरोदा थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस ने झाखरी में नदी पेटे से अवैध बजरी खनन करती हुई एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है.
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के आदेशानुसार और एएसपी मुकेश सांखला व डीएसपी सागवाड़ा रूपसिंह के सुपरविजन में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में सरोदा थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि झाखरी क्षेत्र में नदी के पास अवैध रूप से बजरी का खनन किया जा रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी. वहां एक जेसीबी मशीन नदी पेटे के पास खुदाई करती पाई गई. पुलिस ने जेसीबी चालक सुखलाल पुत्र संध्या दायमा, निवासी तलवाड़ा (जिला बांसवाड़ा) को रोककर पूछताछ की और खनन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे. चालक द्वारा कोई भी वैध कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस ने मौके से जेसीबी मशीन और चालक को डिटेन कर लिया.
पुलिस ने जब्त की गई जेसीबी मशीन को सुरक्षा की दृष्टि से थाना परिसर में खड़ा करवाया है. वहीं, मामले में अग्रिम कार्यवाही और जुर्माने के लिए खनन विभाग डूंगरपुर को सूचित कर दिया गया है. पुलिस की इस कार्यवाही से क्षेत्र के अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है.