खीरी में दहशत का अंत! कई दिनों से घूम रहा तेंदुआ आखिर पिंजरे में कैद

लखीमपुर खीरी : जिले के उत्तर निघासन वन रेंज क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव के पास कई दिनों से खेतों में घूम रहा तेंदुआ गुरुवार सुबह वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया.तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों और किसानों ने राहत की सांस ली है.

जानकारी के अनुसार नौरंगाबाद फार्म के आसपास पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही थी.जिससे लोगों में दहशत बनी हुई थी. खेतों में काम करने जा रहे किसानों में दहशत का माहौल था. ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की थी.

किसानों की शिकायत पर वन विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए अलग-अलग स्थानों पर दो पिंजरे लगाए थे.गुरुवार सुबह तेंदुआ एक पिंजरे में फंस गया.सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.

रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ा जाएगा.फिलहाल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है.तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और लोग अब खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं.पिंजरे में कैद तेदुएं को देखने के लिए आसपास के लोगों की भरी भीड़ लग गई.

close