अभनपुर नपा अध्यक्ष पर अधिकारियों से गाली-गलौज और धमकी का आरोप, FIR दर्ज

रायपुर जिले के अभनपुर में नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) निलेश केरकेट्टा और सब इंजीनियर दुशांत चौहान से गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगा है। मामला बिना काम किए फंड से भुगतान कराने के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
20 मिनट तक गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
अधिकारियों के मुताबिक, घटना 13 अगस्त की है। नगर पालिका अध्यक्ष अपने कुछ लोगों के साथ कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि भुगतान को लेकर अधिकारियों पर दबाव बनाया गया। इसी दौरान करीब 20 मिनट तक गाली-गलौज की गई। शिकायत में अध्यक्ष पर अधिकारियों को नंगा करके मारने की धमकी देने और मारपीट के लिए डंडा मंगवाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। इसमें नगर पालिका कार्यालय के आसपास विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के दौरान कार्यालय में महिलाएं भी मौजूद थीं और स्कूली बच्चों के सामने भी अपशब्द कहे गए।
CMO की शिकायत पर केस दर्ज
CMO निलेश केरकेट्टा और सब इंजीनियर दुशांत चौहान की शिकायत के आधार पर अभनपुर थाने में नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
CMO ने कहा कि उन्हें नौकरी करते हुए करीब सात साल हो चुके हैं, लेकिन इस तरह की अभद्रता और अमानवीय व्यवहार का सामना पहले कभी नहीं करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अपमानित करने के साथ मारपीट की धमकी भी दी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।











