बालपुर स्कूल में छात्रों को रोकने का आरोप, उपसरपंच समेत अन्य के खिलाफ FIR

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बालपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित करने के आरोप में ग्राम पंचायत बालपुर के उपसरपंच कैलाश राय समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामला 19 अगस्त की सुबह का बताया जा रहा है।

स्कूल गेट पर लगाया ताला

शिकायत के मुताबिक, उपसरपंच कैलाश राय अपने साथियों के साथ स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। इससे स्कूल पहुंचे विद्यार्थियों को करीब आधे घंटे तक बाहर इंतजार करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों पर विद्यार्थियों से आंदोलन में शामिल होने के लिए कहने का भी आरोप है। इससे स्कूल की पढ़ाई प्रभावित होने और छात्रों को परेशानी होने की बात शिकायत में कही गई है।

BEO की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस

स्कूल प्रशासन और ग्राम पंचायत के सरपंच ने विद्यार्थियों की सुरक्षा और पढ़ाई को देखते हुए प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण साहू की लिखित शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 221 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बालपुर स्कूल के सामने पूर्व विधायक चंद्रदेव राय के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल भी जारी है। प्रदर्शनकारी 14 मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इनमें सरसींवा-पेंड्रावन-सरधामाठा-बालपुर-कोसीर सड़क के निर्माण और मरम्मत के साथ स्वामी आत्मानंद स्कूल के स्वीकृत भवन का काम शुरू कराने की मांग शामिल है। प्रदर्शनकारी पुराने जर्जर भवन की मरम्मत और विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कों को दुरुस्त करने की भी मांग कर रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com