दुर्ग में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार; गांजा और शराब जब्त

दुर्ग पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुरानी भिलाई, नेवई और धमधा थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने कुल 3.712 किलो गांजा, 30 पौव्वा देशी शराब, दो दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बंधवा तालाब के पास 2.430 किलो गांजा बरामद
पुरानी भिलाई पुलिस को 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि हथखोज के बंधवा तालाब के पास दो युवक एक्टिवा से गांजा बेच रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक्टिवा सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान खुर्सीपार उड़िया मोहल्ला निवासी दिनेश उर्फ दिनू पाल (47) और दीनदयाल उपाध्याय नगर, चरोदा निवासी चंदन झा (43) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से 2.430 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने एक्टिवा, दो मोबाइल फोन और 1,100 रुपए नकद भी जब्त किए। कुल जब्ती करीब 1.65 लाख रुपए की बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
नेवई में 1.282 किलो गांजा और धमधा में शराब जब्त
नेवई पुलिस ने नेवई डैम के आसपास गांजा बेचने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उत्कल नगर, पद्मनाभपुर निवासी खरीत हरणा उर्फ राहुल (25) को पकड़ा। उसके पास से 1.282 किलो गांजा, बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक और 250 रुपए नकद बरामद हुए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 73,250 रुपए बताई गई है।
वहीं धमधा पुलिस ने ग्राम करेली के पथर्रा खार में कार्रवाई करते हुए संजय सिवारे (30) को गिरफ्तार किया। उसके पास सफेद-लाल झोले में छिपाकर रखी 30 पौव्वा देशी शराब मिली। शराब की कीमत करीब 2,400 रुपए और बिक्री से मिले 480 रुपए भी जब्त किए गए। कुल जब्ती 2,880 रुपए की हुई।
पुलिस के मुताबिक गांजा बेचने वाले आरोपी दोपहिया वाहनों से आसपास के इलाकों में घूमकर ग्राहकों की तलाश करते थे। मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर तीनों थाना क्षेत्रों में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। सभी मामलों में जब्त नशीले पदार्थ और शराब को सीलबंद कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










