गरियाबंद में पत्नी के मायके जाने से भड़का पति, पड़ोसी की कुल्हाड़ी से हत्या; 7 घंटे की मशक्कत के बाद गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के पेंड्रा गांव में पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक व्यक्ति ने पड़ोसियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में 38 वर्षीय खोलबहरा सोरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय नरेंद्र सोरी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शोभा थाना क्षेत्र की है।

पत्नी के जाने पर पड़ोसियों पर शक

पुलिस के अनुसार आरोपी हीरालाल नागेश राजमिस्त्री का काम करता है। वह शराब का आदी बताया जा रहा है। सोमवार रात पत्नी जागेश्वरी से उसका विवाद हुआ था। मंगलवार सुबह पत्नी उसके उठने से पहले मायके चली गई।

जागने के बाद हीरालाल पत्नी को तलाशने लगा। उसे शक था कि पड़ोसियों ने उसकी पत्नी को घर छोड़ने के लिए उकसाया है। इसी बात को लेकर उसका नरेंद्र सोरी से विवाद हुआ। इसके बाद उसने खोलबहरा सोरी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घर में बंद होकर पुलिस पर गुलेल से हमला

वारदात के बाद हीरालाल अपने घर में बंद हो गया। पुलिस ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की तो उसने गुलेल से जवानों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

स्थिति को देखते हुए मैनपुर पुलिस और एसडीओपी के नेतृत्व में दो थानों के 50 से ज्यादा जवानों ने मौके पर पहुंचकर घर की घेराबंदी की। आरोपी को बाहर निकालने के लिए पुलिस ने छत के रास्ते से मिर्ची का धुआं छोड़ा।

धुआं फैलने के बाद आरोपी घर से बाहर निकला, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की और करीब 200 मीटर तक जवानों को दौड़ाया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू में कर लिया।

करीब 7 घंटे चले ऑपरेशन के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल रहा। ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। हालात को देखते हुए गांव में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं खुल सके। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com