रक्षाबंधन से पहले रायगढ़ में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की जांच, मसूर पाक-गोंद लड्डू के सैंपल लिए

रक्षाबंधन से पहले रायगढ़ जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ के तहत खाद्य विभाग की टीम ने डेयरी, होटल, मिठाई दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।

मिठाई और खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल

अभियान के दूसरे दिन टीम ने चावला स्वीट्स के कारखाने का निरीक्षण किया। यहां विभिन्न मिठाइयों और खाद्य सामग्री की जांच की गई। गुणवत्ता को लेकर शंका होने पर मसूर पाक और गोंद लड्डू के सैंपल लिए गए। इसके बाद साखी ट्रेडर्स की जांच कर शक्कर की उबली हुई मिठाई और पैक्ड कड़क टॉफी के नमूने लिए गए।

अभियान के अगले चरण में पुसौर के मेहर रेस्टोरेंट से खोवा बर्फी और सेव नमकीन के सैंपल लिए गए। वहीं डनसेना जनरल स्टोर से केशर गोल्ड आटा और चौपाटी नमकीन मिक्सचर के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी खामी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान दुकानदारों को बिना लेबल वाले खाद्य पदार्थ नहीं बेचने और ऐसे सामान की खरीद नहीं करने की हिदायत भी दी जा रही है।

शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट और दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। यह अभियान पूरे सप्ताह जारी रहने की बात कही गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com