नशा देकर जबरन सिंदूर भरने का आरोप, प्रयागराज में युवती से कथित दरिंदगी का मामला

प्रतापगढ़ की एक युवती ने नवाबगंज निवासी अधिवक्ता रोहित कुमार यादव उर्फ राहुल यादव और उसके भाई प्रशांत यादव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिवकुटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है. युवती का आरोप है कि रोहित ने नशीला पदार्थ मिला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, बाद में शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए और गर्भवती होने पर जबरन दवा खिलाकर गर्भपात कराया. 22 जून की शाम दोनों भाइयों पर कमरे में घुसकर मारपीट और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ऐसे हुई मुलाकात

पीड़िता प्रतापगढ़ के मांधाता थाना क्षेत्र की रहने वाली है और प्रयागराज के तेलियरगंज में किराए के कमरे में रहती है. उसके मुताबिक करीब एक साल पहले निजी काम के सिलसिले में उसकी मुलाकात चौरासी खम्भा जिला कचहरी में रोहित कुमार यादव उर्फ राहुल यादव से हुई थी.

युवती का कहना है कि रोहित ने खुद को अधिवक्ता बताते हुए मदद का भरोसा दिया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया. इसके बाद दोनों के बीच काम को लेकर बातचीत होने लगी और रोहित तेलियरगंज स्थित उसके कमरे पर भी आने-जाने लगा.

नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप

युवती ने आरोप लगाया कि एक दिन शाम को रोहित कमरे पर खाने का सामान और कोल्ड ड्रिंक लेकर आया. उसके अनुसार कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई और इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया.

होश में आने के बाद जब उसने इस बारे में पूछा तो युवती के मुताबिक रोहित ने अपनी गलती स्वीकार की और उससे प्रेम करने की बात कही. उसने उसी दिन शादी करने का भरोसा देते हुए कमरे में रखे पूजा के सिंदूर से उसकी मांग भर दी. युवती का आरोप है कि उसी रात दो बार और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए.

गर्भपात कराने का आरोप

पीड़िता के अनुसार इसके बाद रोहित लगातार उसके कमरे पर आता रहा और जल्द ही उसे अपने परिवार से मिलवाने की बात कहता था. युवती का आरोप है कि इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन रोहित ने बच्चा नहीं चाहने की बात कहते हुए उसे जबरदस्ती दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया.

युवती के मुताबिक इससे उसकी तबीयत काफी खराब हो गई थी, जिसके बाद उसके घरवालों ने उसका इलाज कराया.

शादी की जानकारी मिलने पर विवाद

युवती ने आरोप लगाया कि बाद में उसे जानकारी मिली कि रोहित की शादी 25 नवंबर को किसी दूसरी लड़की से तय हो गई है. उसने कई बार रोहित से इस बारे में पूछा, लेकिन उसके मुताबिक वह इस बात को लेकर उससे झूठ बोलता रहा.

शिकायत के अनुसार जब युवती ने रोहित से अपने साथ घर चलने के लिए कहा तो वह उससे दूरी बनाने लगा और फोन पर बातचीत भी कम कर दी. बातचीत होने पर वह कथित तौर पर कहता था कि उसके परिवार वाले इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे हैं और युवती उसे भूल जाए.

पीड़िता का आरोप है कि रोहित कई बार उसके कमरे में आकर दरवाजा बंद करता और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट करता था.

22 जून को जानलेवा हमला

युवती के मुताबिक 22 जून की शाम करीब चार बजे रोहित अपने सगे भाई प्रशांत यादव के साथ उसके कमरे पर पहुंचा. आरोप है कि प्रशांत ने पहले उससे भाभी कहकर बातचीत की और दोनों भाइयों ने बातचीत के बहाने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया.

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और प्रशांत ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की. किसी तरह वह कमरे से बाहर निकलने में सफल हुई और पड़ोसियों से मदद के लिए शोर मचाया.

शिकायत के अनुसार आसपास के लोगों को आते देखकर रोहित और प्रशांत वहां से भाग गए और जाते समय जान से मारने की धमकी दी. मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close