GPM: अवैध धान भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, दो दिनों में 4 जगहों से भारी मात्रा में धान जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण और परिवहन को रोकने के लिए जिला प्रशासन कड़ी निगरानी रख रहा है. इसी कड़ी में पिछले दो दिनों में जांच दल ने चार अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया है. पेंड्रा तहसीलदार अविनाश कुजुर ने अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाए जा रहे 60 क्विंटल धान को जब्त किया.
इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पेंड्रारोड विक्रांत कुमार अंचल की मौजूदगी में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बांधामुड़ा निवासी व्यापारी विवेक गुप्ता की दुकान पर छापा मारा. यहां किसान विजय कुमार अग्रवाल द्वारा लाए गए 120 बोरी धान को मंडी अनुज्ञापत्र और जरूरी दस्तावेजों के अभाव में जब्त कर लिया गया. जब्त धान को फिलहाल विवेक गुप्ता की सुपुर्दगी में दिया गया है और मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एक अन्य कार्रवाई में जिला खाद्य अधिकारी श्वेता अग्रवाल और मंडी सचिव सृष्टि शर्मा ने मरवाही के ग्राम चलचली लोहरी में व्यापारी विजय गुप्ता की दुकान का निरीक्षण किया. वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर दुकान में रखे लगभग 60 बोरी धान को जब्त किया गया. यह धान भी विजय गुप्ता की सुपुर्दगी में सौंपा गया है और मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी.
कलेक्टर के निर्देश पर अवैध परिवहन रोकने के लिए 18 दिसंबर 2025 को जिला स्तरीय संयुक्त जांच टीम तहसीलदार शेष नारायण जायसवाल, उमेश चौहान की ने ग्राम अंजनी के पास मध्यप्रदेश से अवैध रूप से धान ला रहे दो पिकअप वाहनों को पकड़ा. इन वाहनों में लगभग 52 क्विंटल धान (कीमत करीब 1.61 लाख रुपये) जब्त कर थाना गौरेला में सुपुर्द किया गया.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी जारी रहेगी.









