GPM : वायरल वीडियो ने बिगाड़ा खेल, नशे में स्कूल आने वाले शिक्षक पर गिरी गाज

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक सरकारी स्कूल के व्यायाम शिक्षक को शराब के नशे में स्कूल पहुंचने के आरोप में शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है.निलंबित शिक्षक का नाम उत्तम सिंह है, जो गौरेला विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोगीसार में पदस्थ थे.

बीते दिनों उक्त शिक्षक का शराब पीकर स्कूल आने और खुद शराब पार्टी की बात कबूल करते हुए का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और शिक्षा विभाग ने इसकी गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की.

जिला शिक्षा अधिकारी की अनुशंसा पर संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के प्रावधानों के तहत उत्तम सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.आदेश में कहा गया है कि स्कूल के प्रधानाचार्य ने कई बार चेतावनी देने के बावजूद शिक्षक के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया.

निलंबन अवधि में शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी गौरेला का कार्यालय निर्धारित किया गया है.इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा.

अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने शिक्षक के इस व्यवहार को बच्चों के लिए अनुचित बताया है और विभाग की कार्रवाई का स्वागत किया है.शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे किसी भी कृत्य पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com