गाजियाबाद में तलवार बांटने के मामले में हिंदू रक्षा दल अध्यक्ष पिंकी चौधरी और बेटे गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी चौधरी और उनके बेटे हर्ष चौधरी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पिछले आठ दिनों से पुलिस पिंकी चौधरी की तलाश कर रही थी। पिंकी चौधरी ने सार्वजनिक रूप से लोगों को तलवारें बांटी थीं, जिस पर उसके खिलाफ शालीमार गार्डन थाना में FIR दर्ज हुई थी।
पुलिस ने पिंकी और हर्ष चौधरी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। इस मामले में पहले ही 10 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि चार आरोपी अब भी फरार हैं। तलवार बांटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसने पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी।
इससे पहले हिंदू रक्षा दल के कार्यालय में प्रेस वार्ता में करुणा चौधरी ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें और उनकी बहन को कई घंटे थाने में बैठाकर रखा गया और फोन से वीडियो व चैट की जानकारी ली गई। वहीं यति नरसिंहानंद सरस्वती ने कहा कि यदि कोई गलती होती है तो पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए, परिवार को परेशान नहीं करना चाहिए।
पिंकी चौधरी ने वीडियो जारी कर पुलिस-प्रशासन को चुनौती दी थी और कहा था कि अपने परिवार की सुरक्षा के लिए तलवार बांटना अपराध है तो वह वही अपराध फिर से करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनके दल में ऐसे लोग हैं जो परेशान किए जाने पर भी और ताकत के साथ आगे बढ़कर काम करते रहेंगे।











