कच्ची दीवार से निकला इतिहास! सिक्कों से भरा मटका मिलने से अजनौरा में हड़कंप

जसवंतनगर/इटावा: ग्राम पंचायत अजनौरा में उस समय सनसनी फैल गई जब एक पुराने और जर्जर मकान की कच्ची दीवार के पास खेल रहे बच्चों को सिक्कों से भरा एक मटका दिखाई दिया. खेल-खेल में बच्चों ने मटके से सिक्के निकालने शुरू कर दिए, जिससे गांव में हड़कंप मच गया.
बच्चों का कहना है कि मटके में बड़ी संख्या में सिक्के मौजूद थे. इसी दौरान गांव के कुछ लोग, जो कथित तौर पर उस जर्जर मकान के परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं, मौके पर पहुंचे और बच्चों से सिक्के छीन लिए. देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.
ग्रामीणों के अनुसार मटके में रखे सिक्के अंग्रेजी शासनकाल के हैं, जिन पर “जॉर्ज वी किंग एम्प्रोर” अंकित है। बताया जा रहा है कि ये सिक्के सन 1920 से पहले के हैं और इनमें चांदी व कांसे के सिक्के शामिल हैं.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि ग्रामीणों से चार सफेद धातु (संभावित चांदी) और चार कांसे के सिक्के बरामद किए गए हैं.
हालांकि मटके से कुल कितने सिक्के निकले, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. अन्य सिक्कों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
ग्रामीणों के मुताबिक जर्जर मकान लंबरदार बाबा का बताया जाता है, जिनकी कोई संतान नहीं थी और उनके परिजन लंबे समय से यहां निवास नहीं कर रहे हैं. सिक्कों की वास्तविक संख्या, ऐतिहासिक महत्व और स्वामित्व को लेकर स्थिति अभी अस्पष्ट बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.











