रायगढ़ में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का भंडाफोड़, 9 भारी वाहन जब्त

रायगढ़ जिले के ग्राम सोहनपुर में अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंपिंग का खुलासा हुआ है। लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 7 हाइवा और 2 ट्रेलर समेत कुल 9 भारी वाहन जब्त किए। जप्त वाहनों और उनमें लोड फ्लाई ऐश की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि किसी प्लांट से निकली फ्लाई ऐश को बिना वैधानिक अनुमति के ट्रेलर और हाइवा वाहनों के माध्यम से खुले स्थान पर डंप किया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी लैलूंगा ने पुलिस टीम के साथ मौके पर दबिश दी। जांच में वाहन चालकों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत सभी 9 वाहनों को जप्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग लंबे समय से पर्यावरण प्रदूषण का कारण बन रही थी, जिससे हवा, पानी और मिट्टी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और ग्रामीणों में श्वसन संबंधी बीमारियों व खेती को नुकसान होने की आशंका रहती थी। जप्त वाहनों और फ्लाई ऐश से संबंधित जानकारी पर्यावरण विभाग को भेज दी गई है। विभाग जांच के बाद संबंधित प्लांट, वाहन मालिकों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे कार्रवाई करेगा।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि पर्यावरण से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।











