अमेठी में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री का खुलासा, 27 मेडिकल स्टोर जांच के घेरे में…

अमेठी: अमेठी में एक ओर जहां जिले की पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर मेडिकल स्टोर नशे की सप्लाई के नए और खतरनाक अड्डे बनते जा रहे हैं. जिले में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री का एक बड़ा मामला सामने आया है. जांच में खुलासा हुआ है कि जिले के 27 मेडिकल स्टोरों से नशीली दवाओं की सप्लाई की गई है, जिनमें से अधिकांश स्टोर जगदीशपुर क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं.

मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई शुरू की. जांच के दौरान प्रतिबंधित व खतरनाक दवाओं, जिनमें ट्रामाडोल जैसी दवाएं शामिल हैं, की अवैध बिक्री की पुष्टि हुई। इसके बाद विभाग की ओर से संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है.

जांच में यह भी सामने आया है कि नशीली दवाओं की सप्लाई एक संगठित नेटवर्क के तहत की जा रही थी, जिसकी कड़ियां जिले के विभिन्न मेडिकल स्टोरों से जुड़ी हुई हैं. सप्लाई चैन की जांच में लगातार नए स्टोरों के नाम सामने आ रहे हैं. औषधि निरीक्षक कमलेश मिश्रा ने बताया कि ट्रामाडोल अत्यंत संवेदनशील और खतरनाक दवा है. इसका उपयोग केवल चिकित्सकीय परामर्श पर ही किया जाना चाहिए। इसकी अधिक मात्रा नशे की लत के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है.

उन्होंने बताया कि मामले में संलिप्त मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबन सहित कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. विभागीय जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com