औरंगाबाद में एक पारिवारिक मामला कोर्ट में, मगर घर खाली कराने पहुंच गए सीओ-थानाध्यक्ष; ऑडियो और वीडियो हो रहा है वायरल

औरंगाबाद: ओबरा प्रखंड के खुदवां थाना क्षेत्र के मरवतपुर गांव का एक मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामले में खुदवां थानाध्यक्ष और ओबरा सीओ के धमकी भरे शब्द ऑडियो के रूप में और गांव पहुंचकर घर खाली कराने का मामला वीडियो के रूप में वायरल हो रहा है. हालांकि हम वायरल ऑडियो व वीडियो की पुष्टि नहीं करते है.

उक्त मामले में मरवतपुर गांव के रामराज चौधरी के पुत्र राजू चौधरी ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. दिये गये आवेदन में कहा है कि उसके पिता दो भाई थे. जिसमें उनके बड़े भाई रामऔतार चौधरी स्वर्गवास कर गये.उनके पिता अपने बड़े भाई के दो पुत्रों एवं दो पुत्री तथा पत्नी सरस्वती देवी के विरूद्ध तीन जनवरी 2024 को सब जज प्रथम औरंगाबाद के न्यायालय में 1/2024 के रूप में बंटवारा दाखिल किया,जो अभी तक लंबित है.

27 दिसंबर को खुदवां थानाध्यक्ष के बुलाने पर उनके भाई रामजी चौधरी बंटवारा केस का कागज लेकर वहां पहुंचे. थानाध्यक्ष ने उन्हें घर खाली कराने की धमकी दी. साथ ही कहा कि घर खाली कर अपने चाची एवं चाचा के खरीददार रंजित सिंह बगैरह के हवाले कर दो अन्यथा फर्जी केस में फंसा दिया जायेगा.

दो जनवरी को दोपहर तीन बजे ओबरा सीओ और थानाध्यक्ष दल बल के साथ उसके घर के आंगन में घुस गये. उन लोगों के साथ उनकी चाची सरस्वती देवी, खरीददार व अन्य लोग थे.सीओ और थानेदार ने उसे और उसकी भाभी को मकान खाली करने की धमकी दी.उस वक्त उसका भाई रामजी चौधरी ओबरा बाजार में था,जिसे सीओ और थानेदार ने फोन पर धमकी दी.

घटना के समय ग्रामीण भी उपस्थित थे. राजू ने यह भी कहा है कि उसके चचेरे भाई ने भी तीन जनवरी को फोन पर गोली मारने व अंदर करवाने की धमकी दी.अधिकारियों से गुहार लगाते हुए कहा है कि जब मामला न्यायालय में लंबित है तो कैसे घर खाली करने की उन्हें धमकी दी जा रही है. उसने बताया कि कभी भी उसकी या उसके परिवार के सदस्य की हत्या हो सकती है.जिसके कारण पूरा परिवार डर और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं.मामले को लेकर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा जांच कर कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है.

इस संबंध में खुदवां थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि उनपर लगा आरोप बेबुनियाद है. अंचल अधिकारी के निर्देश पर ही वहां गये थे. मामला भूमि विवाद से संबंधित है.

पूछे जाने पर ओबरा सीओ हरिहरनाथ पाठक ने कहा कि धमकी देने की बात गलत है. शनिवार को जनता दरबार में उक्त जमीन विवाद से संबंधित मामला पहुंचा था. थानेदार के साथ वे स्थल का जायजा लेने पहुंचे थे. विवादित पक्ष से पेपर दिखाने की बात कही गयी थी,लेकिन अब तक पेपर नहीं दिखाया. मामले की जांच की जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com