रीवा: जमीनी विवाद में भाई सहित अन्य पर हत्या का आरोप, पेड़ में लटकता मिला था शव; पत्नी ने आईजी से लगाई न्याय की गुहार

रीवा: जमीन के मामूली विवाद में एक युवक के उसी सगे भाइयों पर मिलकर हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव को जंगल में पेड़ से लटकाने का आरोप लगा है. पीड़िता ने बताया कि घटना की शिकायत लेकर जब वह थाने पहुँची, तो पुलिस ने हत्या का रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उसे टाल दिया और पीएम रिपोर्ट आने की बात कहि. जिसके बाद पीड़िता ने आज आईजी कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है.
जानकारी के अनुसार, ग्राम दुआरी निवासी संगीता रजक ने पुलिस महानिरीक्षक को सौंपे पत्र में बताया कि गत 31 दिसंबर 2025 की रात उसके पति ज्ञानू रजक (28 वर्ष) को उनके बड़े भाई शम्भू रजक अपने घर बुलाकर ले गए थे. वहां जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी शम्भू रजक, सत्येंद्र रजक और संतोष रजक ने मिलकर ज्ञानू के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
शिकायत कर्ता पत्नी का आरोप है कि हत्या को आत्महत्या साबित करने के लिए आरोपियों ने शव को घर से 3 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर ले जाकर आम के पेड़ से तौलिए के सहारे लटका दिया. संगीता के अनुसार, स्थानीय गुढ़ थाना पुलिस ने उसकी व्यथा सुनने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की.
छोटे-छोटे दिव्यांग बच्चों के भविष्य पर संकट पीड़ित महिला ने बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और दोनों ही पैरों से दिव्यांग हैं. पति की मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण और सुरक्षा का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. महिला ने आईजी से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए.











