शक्तिनगर में दबंगों का तांडव: पहले युवक को लाठी-डंडों से पीटा, फिर भागते समय बाइक सवार को बोलेरो से रौंदा!

सोनभद्र: औद्योगिक क्षेत्र शक्तिनगर की बीना कॉलोनी सोमवार की दोपहर रणक्षेत्र में तब्दील हो गई. बेखौफ दबंगों ने न केवल एक युवक को घर के सामने घेरकर बेरहमी से पीटा, बल्कि भागने की हड़बड़ी में एक अन्य राहगीर को अपनी गाड़ी से जोरदार टक्कर मार दी. इस दोहरे तांडव से पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल व्याप्त है.

घर के बाहर घेरकर किया जानलेवा हमला

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार (29 दिसंबर 2025) दोपहर करीब 2 बजे कृष्णशीला क्षेत्र के निवासी प्रणय शर्मा अपने घर के पास थे. आरोप है कि तभी इलाके के रसूखदार दबंग राजकुमार शर्मा, प्रकाश नारायण और गोलू दुबे ने उन्हें घेर लिया. बिना किसी उकसावे के आरोपियों ने गालियां देते हुए लाठी-डंडों से प्रणय पर हमला बोल दिया. इस हमले में प्रणय के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और वे लहूलुहान हो गए.

फरार होते समय बाइक सवार को मारी टक्कर

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी बोलेरो (MP17 ZQ 3299) में सवार होकर जान से मारने की धमकी देते हुए भागने लगे. भागने की आपाधापी में उन्होंने सड़क पर जा रहे कॉलोनी निवासी नवीन कुमार सिंह की मोटरसाइकिल (DL 35 R 2720) को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि नवीन बाइक समेत काफी दूर तक घिसटते चले गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनकी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.

अस्पताल में भर्ती, पुलिस से न्याय की गुहार

हादसे के बाद घायल नवीन कुमार सिंह को आनन-फानन में नेहरू अस्पताल, जयंत ले जाया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है. वहीं, पीड़ित प्रणय शर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए थाना शक्तिनगर में नामजद तहरीर दी है।इस घटना के बाद से बीना कॉलोनी के निवासियों में गहरा आक्रोश है. लोगों का कहना है कि यदि इन दबंगों पर तत्काल कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो आम आदमी का घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा. फिलहाल, शक्तिनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com