पं. प्रदीप मिश्रा की कथा में पेमेंट को लेकर विवाद:टेंट संचालक डोम उखाड़ने पहुंचे, पुलिस ने रोका, विवाद सुलझा तो दोबारा शुरू हुई कथा

दुर्ग जिले के ग्राम नगपुरा में आयोजित पं. प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा के दौरान शनिवार को आयोजन समिति और टेंट हाउस संचालक के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि टेंट हाउस संचालक ने पंडाल उखाड़ने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने ऐसा होने नहीं दिया और कथा को जारी रखवाया। पुलिस की तत्परता से स्थिति को संभाल लिया गया।

चार घंटे लगातार चली बैठक आयोजन समिति और टेंट हाउस संचालक के बीच रोजना रात में पैसों के लेकर विवाद की स्थिति बन रही है। शुक्रवार की रात भी इसी तरह डोम उखाड़ने को लेकर बात हुई। बाद में इसे किसी तरह रोक लिया गया। शनिवार को सुबह से ही समिति और टेंट हाउस संचालक के बीच पैसों को लेकर फिर विवाद हुआ। जिसके बाद टेंट हाउस वाले डोम उखाड़ने पहुंच गए। मौके पर तैनात एएसपी पद्मश्री, हेम प्रकाश नायक ने मोर्चा संभाला और टेंट उखाड़ने से रोक दिया। कथा को सुचारू रूप से संचालित करवाया। 17 से 21 दिसंबर तक आयोजित है कथा नगपुरा में 17 से 21 दिसंबर तक शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार रात को टेंट हाउस संचालक और आयोजन समिति के बीच भुगतान को लेकर विवाद सामने आया। टेंट लगाने वालों का कहना था कि तय समय पर उन्हें पूरा भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे वे ट्रांसपोर्ट और मजदूरी का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि कथा शुरू होने के बाद किसी भी हालत में टेंट नहीं हटाया जाएगा, क्योंकि इससे भगदड़ जैसी गंभीर स्थिति बन सकती है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और फिलहाल टेंट हटाने पर रोक लगा दी।

आयोजन समिति ने कहा छोटी-मोटी बात होते रहती है इस मामले में आयोजन समिति की सदस्य प्रिया साहू ने विवाद को मामूली बताते हुए कहा कि बड़े आयोजनों में व्यवस्थाओं को लेकर छोटी-मोटी बातें हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि पंडाल उखाड़ने जैसी कोई बात नहीं है और कथा का आयोजन सुचारू रूप से चल रहा है।

पूर्व सरपंच बोले- समय-समय पर कर रहे भुगतान आयोजन समिति के पदाधिकारी व नगपुरा के पूर्व सरपंच भूपेंद्र रिगरी ने कहा कि टेंट संचालक नरेंद्र को समय-समय पर भुगतान किया जा रहा है। आयोजन समिति में 10 से 12 लोग शामिल हैं और रोजाना पेमेंट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी तरह की लिखित डाक्यूमेंटेशन जरूर नहीं हुई है, लेकिन टेंट हटाने का सवाल ही नहीं उठता। विवाद को सुलझाया जा रहा है।

टेंट संचालक बोला- विवाद के कारण उखाड़ रहा था टेंट नगपुरा में कथा स्थल पर टेंट और डोम लगाने वाले नागपुर के कर्मा टेंट हाउस के संचालक नरेंद्र कुमार साहू ने टेंट उखाड़ने की बात पर कहा कि हमारा कुछ विवाद हो गया था, इसलिए हम टेंट उखाड़ रहे थे। अब समिति से बातचीत हो गई है और विवाद सुलझ गया है। उन्होंने कहा कि रात में भुगतान को लेकर विवाद हुआ था, जो सुबह खत्म हो गया। नरेंद्र कुमार के अनुसार कुल सवा करोड़ रुपये में काम की बातचीत हुई थी, लेकिन अब तक उन्हें 25 से 30 लाख रुपये ही मिले हैं। बाकी भुगतान शाम 4 से 5 बजे तक देने की बात कही गई है।

भुगतान की कमी की वजह से कम लगा टेंट मां कर्मा टेंट नागपुर के संचालक नरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि भुगतान की दिक्कत के चलते ट्रांसपोर्ट का खर्च भी नहीं निकल पा रहा था, इसलिए टेंट को करीब 15 प्रतिशत छोटा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आयोजन समिति की ओर से रोजाना 2 से 3 लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में कथा का आयोजन शांतिपूर्वक जारी है और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद सुलझने का दावा किया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com