रायपुर में पुलिस का सघन सत्यापन अभियान, 100 जवानों ने 200 से ज्यादा मकानों की जांच की

रायपुर में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने रविवार को व्यापक सर्च और सत्यापन अभियान चलाया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनी, लाभांडी में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों ने 200 से ज्यादा मकानों की जांच की। अभियान के दौरान किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों का सत्यापन किया गया।

यह अभियान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में तेलीबांधा थाना और पुलिस लाइन के जवानों को अलग-अलग टीमों में तैनात किया गया। पुलिस ने घर-घर पहुंचकर लोगों की जानकारी जुटाई और दस्तावेजों का सत्यापन किया। इसी तरह शहर के उत्तर जोन में भी अधिकारियों ने गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अभियान के दौरान पुलिस ने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। मकान मालिकों से भी आवश्यक जानकारी लेकर रिकॉर्ड का मिलान किया गया। जिन स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, वहां विशेष रूप से पूछताछ की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के नियमित सत्यापन अभियान से चोरी, लूट, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में मदद मिलती है। हाल के दिनों में शहर में हुई आपराधिक घटनाओं को देखते हुए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को देने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए इस प्रकार के सरप्राइज चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com